सीएचसी लटेरा की व्यवस्थाओं पर पूर्व विधायक ने जताई नाराजगी
दैनिक सत्ता मंत्र
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान रविवार को स्थानीय लोगों के आग्रह पर पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लटेरा पहुंचे। अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर बड़ी संख्या में मौजूद क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं बताते हुए नाराजगी जताई। पूर्व विधायक ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं।क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में उपयोग होने वाली कुछ मशीनें हटा दी गई हैं। वहीं, अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स अर्चना भारती के स्थानांतरण को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना था कि अर्चना भारती मरीजों के इलाज और प्रसव संबंधी सेवाओं में लगातार सहयोग करती रही हैं तथा जरूरत के समय उपलब्ध रहती थीं।मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से वीडियो कॉल व दूरभाष के माध्यम से वार्ता की। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही स्टाफ नर्स अर्चना भारती के स्थानांतरण पर पुनर्विचार कर उन्हें पुनः यथास्थान तैनात करने की बात कही।पूर्व विधायक ने कहा कि सीएचसी लटेरा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। यहां मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर वह जनता की आवाज बनकर संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।इस मामले से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। वीडियो में पूर्व विधायक अस्पताल की व्यवस्थाओं, मशीनों और स्टाफ नर्स के स्थानांतरण को लेकर अधिकारियों से कार्रवाई की मांग करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक पीएन यादव के स्थानांतरण तथा अस्पताल में चिकित्सक की वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की भी बात कही है।
