डुमरियागंज तहसील में लेखपालों और अधिवक्ताओं में मारपीट, अधिवक्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप
दैनिक सत्ता मंत्र
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील परिसर में गुरुवार शाम लेखपालों और अधिवक्ताओं के बीच विवाद के बाद हाथापाई का मामला सामने आया। घटना को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश है। आदर्श बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री शैलेन्द्र रावत एवं अधिवक्ता हर्षित अग्रहरि ने आरोप लगाया कि धारा 24 के मामले में कथित रूप से घूस लिए जाने की शिकायत के संबंध में लेखपाल से पूछताछ करने पर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इस दौरान लेखपालों ने गाली-गलौज करते हुए अधिवक्ताओं के साथ हाथापाई की। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि लेखपाल देवेंद्र कुमार राठौर, दिग्विजय चौरसिया, राष्ट्रदीप, आयुष वैश्य तथा कंप्यूटर ऑपरेटर हर्ष राय सहित अन्य लोगों ने मारपीट की। घटना के बाद तहसील परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। इस दौरान अधिवक्ता ओम प्रकाश श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, देवेंद्र पाठक, रमन श्रीवास्तव, राजेश दुबे, सरस श्रीवास्तव, चंद्र किशोर सिंह, ज्ञानेश्वर पांडेय, पवन यादव, विपिन पांडेय, राजीव अग्रहरि, चंद्र प्रकाश वर्मा, अमित तिवारी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने कार्रवाई की मांग की है।
