तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, चालक फरार
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। इटवा-बिस्कोहर मार्ग पर त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पेंडारी गांव के पास रविवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।जानकारी के अनुसार, शाम करीब चार बजे हुई इस दुर्घटना में टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा पहुंचाया गया।सीएचसी के फार्मासिस्ट अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि करीब 28 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।समाचार लिखे जाने तक घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। घटना की सूचना पर त्रिलोकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार कार चालक की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
