परंपरागत रूट से ही मनाए जाएं त्योहार रू एसडीएम
दैनिक सत्ता मंत्र
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। आगामी बारावफात, गणेश चतुर्दशी और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को थाना परिसर शोहरतगढ़ में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, मंदिरों के पुजारियों एवं व्यवस्थापकों, मौलवी-मौलानाओं, आयोजकों तथा संभ्रांत नागरिकों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने की। उन्होंने शासन-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करने तथा प्रतिबंधित गीत नहीं बजाने की हिदायत दी गई। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम राजेश कुमार ने कहा कि सभी परंपरागत त्योहार निर्धारित परंपरागत रूट और तय तरीके से ही मनाए जाएं। उन्होंने बारावफात कार्यक्रम की अगुवाई करने वाले लोगों से जुलूस एवं कार्यक्रम का रूट चार्ट उपलब्ध कराने को कहा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जा सके। सीओ मयंक द्विवेदी ने युवाओं से त्योहार के दौरान ऐसा कोई कार्य न करने की अपील की, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी, भ्रामक पोस्ट और अफवाह फैलाने से बचने की हिदायत दी। कहा कि सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। किसी भी समस्या या आशंका की स्थिति में पुलिस-प्रशासन को तत्काल अवगत कराने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर पंचायत को प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। खुले में पशुओं को छोड़ने वाले पशुपालकों को नोटिस देने और प्रतिबंधित गाने बजाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पीस कमेटी की बैठक के बाद एसडीएम राजेश कुमार एवं सीओ मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ निर्धारित मार्गों पर फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, किशोरी लाल गुप्ता, अल्ताफ हुसैन, राजकुमार मोदनवाल, शैलेंद्र कौशल, मनोज कुमार गुप्ता, महेश कसौधन, वीरेंद्र गौड़, अशरफ अंसारी, शहनबाज आलम, बबलू यादव, आकाश अग्रहरि, विनोद कुमार, रंजीत, राजू, रामकेश यादव सहित वरिष्ठ निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव, उपनिरीक्षक रामबदन यादव, राजकुमार यादव, दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रभाकर, दिनेश यादव, अजय कुमार, सतीश कुमार सिंह, दयानंद यादव, राधेश्याम चौहान आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
