पेड़ गिरने के कारण पांच दिन से गुल है दो गांवों की बिजली
दैनिक बुद्ध का संदेश
चिल्हिया/शोहरतगढ।बरगदवा फीडर के अंतर्गत बेलगड़ा से खुरहुरिया और कम्हारिया जाने वाली 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का पोल आम का पेड़ गिरने से टूट गया। घटना के पांच दिन बाद भी पोल नहीं बदले जाने से दोनों गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित है। करीब तीन हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह तेज बारिश और हवा के दौरान आम का पेड़ विद्युत लाइन पर गिर गया था। इससे पोल टूट गया और दोनों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार सूचना देने के बावजूद पांच दिन बाद भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। बिजली नहीं रहने से घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग समेत अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात में अंधेरा होने के कारण कीड़े-मकोड़ों और जहरीले जीव-जंतुओं का भी खतरा बना रहता है। मनु, अरविंद, सूरज, अखिलेश, सुबास, रामबली, शिव नयन, मुरलीधर, भगवान दास, गिरीश, बालजी, राजू, गिरजेश, मनीष, मोहन और गणेश समेत अन्य ग्रामीणों ने जल्द पोल लगाकर 11 हजार वोल्ट की लाइन दुरुस्त कराने की मांग की है। इस संबंध में एसडीओ विनोद कुमार ने बताया कि पोल मौके पर पहुंच चुका है और कार्य जारी है। एक-दो दिन में विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
