बीआरसी शोहरतगढ़ में दिव्यांग बच्चों का हुआ परीक्षण
दैनिक सत्ता मंत्र
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगरं। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) शोहरतगढ़ के सभागार में शुक्रवार को समेकित शिक्षा के अंतर्गत विशिष्ट आवश्यकता वाले (दिव्यांग) बच्चों के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में 51 दिव्यांग बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया। साथ ही बच्चों एवं उनके अभिभावकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। कैंप में माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सक डॉ. पीयूष शुक्ला, ऑर्थाेपेडिक सर्जन डॉ. विमल द्विवेदी, सीएचसी बांसी के ईएनटी सर्जन डॉ. संजय कुमार वर्मा, सीएचसी इटवा के नेत्र सर्जन डॉ. समीम, मेडिकल कॉलेज के ऑप्टोमेट्रिस्ट हरिश्चंद्र चौधरी तथा ऑडियोलॉजिस्ट बृजदीप ने बच्चों का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव दिए। शिविर में 5 श्रवण बाधित, 4 दृष्टिबाधित, 20 बौद्धिक दिव्यांग तथा 22 अस्थि दिव्यांग बच्चों का परीक्षण किया गया। गंभीर उपचार की आवश्यकता वाले कुछ बच्चों को जिला चिकित्सालय भेजने की भी सलाह दी गई। इस अवसर पर जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) करुणापति त्रिपाठी, स्पेशल एजुकेटर राघवेंद्र प्रताप मिश्र, जितेंद्र कुमार, अभिषेक श्रीवास्तव, इंद्रजीत, बाबूलाल, सौरभ श्रीवास्तव, दिलीप सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
