महिला चौपाल में गूंजा बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का संदेश, महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित न्याय के निर्देश
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। 13 अगस्त 2026 मां दुर्गा जी चौधरी पाटेश्वरी प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज, पटनी जंगल में गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी की अध्यक्षता में महिला चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने आयोग की उपाध्यक्ष का बुके देकर स्वागत किया। महिला चौपाल को संबोधित करते हुए चारु चौधरी ने कहा कि बेटियां राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं के उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से बालिकाओं के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक विभिन्न चरणों में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता से महिलाएं अपने साथ होने वाले अन्याय और उत्पीड़न का मजबूती से मुकाबला कर सकती हैं। यदि किसी महिला के साथ किसी भी प्रकार की घटना होती है तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी आवाज उठानी चाहिए और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देनी चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं। छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। एक बेटी के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है। आज बेटियां देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। छात्राओं को उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के भीतर दृढ़ संकल्प होना चाहिए कि वे मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर हर लक्ष्य हासिल कर सकती हैं। सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य प्राप्त होगी। महिला चौपाल में महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं ने अपनी समस्याएं भी आयोग की उपाध्यक्ष के समक्ष रखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। आवास, पेंशन, शौचालय सहित अन्य योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर तहसीलदार नौगढ़, क्षेत्राधिकारी रोहिणी यादव, महिला थानाध्यक्ष भाग्यवती पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, प्रीति चौधरी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। महिला उत्पीड़न के मामलों की भी हुई समीक्षा महिला चौपाल कार्यक्रम से पूर्व उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने रेस्ट हाउस में संबंधित अधिकारियों के साथ महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों और उनके निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने मामलों के निस्तारण में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के साथ ही किसी भी स्तर पर लापरवाही न करने के निर्देश दिए।
