मुंबई में सिद्धार्थनगर के 17 वर्षीय युवक की मौत
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। खेसरहा थाना क्षेत्र की कुर्थिया चौकी अंतर्गत घोसियारी बाजार निवासी 17 वर्षीय युवक की मुंबई में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। रविवार को युवक का शव गांव आने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत की खबर से मां समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार घोसियारी बाजार निवासी प्रिंस अग्रहरि पुत्र राम सजीवन अग्रहरि करीब चार माह पहले अपने पिता और दो भाइयों के साथ मुंबई कमाने गया था। वहां उसके पिता और दोनों भाई निजी फास्ट फूड की दुकान चलाते हैं। प्रिंस भी परिवार के साथ दुकान के काम में हाथ बंटाता था।बताया जा रहा है कि शनिवार रात अचानक प्रिंस की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।प्रिंस तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिजनों के अनुसार आगामी नवंबर में उसकी बहन की शादी होनी है। शादी की तैयारियों और खर्च की व्यवस्था के लिए परिवार के लोग मुंबई में मेहनत कर रहे थे। इसी बीच प्रिंस की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।बेटे की मौत की सूचना मिलते ही मां मंजू देवी बेसुध हो गईं। परिजनों के विलाप से घोसियारी बाजार का माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लोग युवक के शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
