शोहरतगढ़ में पीस कमेटी की बैठक, पंडालों में सीसीटीवी और रूट डायवर्जन पर जोर

दैनिक बुद्ध कां संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर।आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं शस्त्र पूजन को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार को शोहरतगढ़ थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों, डीजे संचालकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों के साथ सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति उपासना और आस्था का पर्व है। सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, प्रतिमाओं की सुरक्षा, विसर्जन कमेटी गठित करने, विसर्जन मार्ग की साफ-सफाई तथा मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।एसडीएम रवीश कुमार गुप्ता ने बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ रूट डायवर्जन, पंडालों की व्यवस्था और डीजे संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने डीजे संचालकों से नशे का सेवन करने वाले और असामाजिक तत्वों से दूरी बनाए रखने तथा भ्रामक अफवाहों से बचने को कहा। निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी।सीओ मयंक द्विवेदी ने कहा कि त्योहार त्योहार रजिस्टर में दर्ज परंपरा के अनुसार ही मनाया जाएगा और किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी। उन्होंने पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, बिजली के नंगे तारों का प्रयोग न करने तथा आग से बचाव के लिए पानी और बालू की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही का भी विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने अपील की कि माता की प्रतिमा को नशे की हालत में न छुएं। इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो, गलत सूचना अथवा अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस की सर्विलांस टीम की नजर है और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इंटरनेट मीडिया पर किसी धर्म के खिलाफ अमर्यादित भाषा, जातिसूचक शब्द अथवा भड़काऊ पोस्ट के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।जेई राजेश साहनी ने पंडालों को बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी पर लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बिजली के तारों के नीचे पंडाल न बनाया जाए। किसी भी विद्युत समस्या की स्थिति में तत्काल बिजली विभाग से संपर्क करें। बैठक का संचालन इंस्पेक्टर शेषमणि पाण्डेय ने किया। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, किशोरी लाल गुप्ता, शैलेन्द्र कौशल, मनोज कुमार गुप्ता, अनूप कसौधन, राजेंद्र प्रसाद कांदू, मेजर सिंह चौहान, आनंद कसौधन, बाबूजी अंसारी, वकील खान, दिलीप वर्मा, महेश कसौधन, सौरभ गुप्ता, राजकुमार मोदनवाल समेत निरीक्षक अतिउल्लाह, उपनिरीक्षक संतोष यादव, हेड कांस्टेबल प्रभाकर यादव, दिनेश यादव, रामकरन निषाद, दयानंद, धर्मनाथ यादव सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के पंडाल व्यवस्थापक मौजूद रहे।

टिप्पणियां