सीएम योगी ने तीन सड़कों के पुनर्निर्माण को दी मंजूरी
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। बांसी के राजा रतनसेन डिग्री कॉलेज में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की तीन महत्वपूर्ण क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए स्वीकृति की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने जयकारे लगाकर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।मुख्यमंत्री ने बताया कि बांसी-मिठवल मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए 28 करोड़ रुपये तथा डुमरियागंज क्षेत्र के भड़रिया-बढ़नीचाफा मार्ग के लिए 24.58 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही इटवा क्षेत्र के बढ़या-गौरा बाजार मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए भी आवश्यक स्वीकृति दी गई है।इन सड़कों के पुनर्निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़कें बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों और प्रमुख मार्गों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और लोगों का आवागमन सुगम होगा।मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने डुमरियागंज की जनता की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र की जनहित से जुड़ी सड़क संबंधी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा गया था। मुख्यमंत्री ने सकारात्मक पहल करते हुए भड़रिया-बढ़नीचाफा मार्ग के चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण की घोषणा की है।पूर्व विधायक ने बताया कि चौखड़ा से गालापुर तथा पथरा बाजार से डिड़ई मार्ग के चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण के लिए भी मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया है।उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और विकास से जुड़ी मांगों को शासन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री द्वारा मांगों पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए जाने से डुमरियागंज के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश ओझा, चेयरमैन धर्मराज वर्मा, चंद्र प्रकाश वर्मा समेत क्षेत्रीय लोगों ने पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और चौड़ीकरण से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति भी आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण की स्वीकृति मिलने से आवागमन की समस्या दूर होगी। पूर्व विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और सहयोग से डुमरियागंज क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है।
