सेवा संकल्प अभियान के तहत नौगढ़, लोटन और जोगिया में बहुउद्देशीय सेवा शिविर

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड नौगढ़, लोटन और जोगिया में बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किए गए। तीनों शिविरों में कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने सहभागिता की और उपस्थित लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र लोगों को उनसे जोड़ना भी है।उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों और विभिन्न विभागों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। लोगों को एक ही स्थान पर कई विभागों की योजनाओं की जानकारी मिल रही है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।तीनों विकास खंडों में आयोजित शिविरों में पंचायती राज, स्वास्थ्य, कृषि, आंगनबाड़ी, इंडिया पोस्ट, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला पूर्ति, पशुपालन और वन विभाग समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया बताई।नौगढ़ विकास खंड के सभागार में आयोजित शिविर में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख रेनू मिश्रा, पूजा पाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। लोटन में ब्लॉक प्रमुख आशीष सिंह, बीडीओ सर्वेश मोहन, सीएचसी अधीक्षक अमित कुमार चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं जोगिया विकास खंड सभागार में जोगिया मंडल अध्यक्ष राजेश दुबे, हरीश चौधरी, विकास पांडेय समेत अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और अधिकारी मौजूद रहे।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी ली और अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों से संवाद किया।
