स्वच्छता और साइबर सुरक्षा को लेकर ग्रामीण हुए जागरूक

सिद्धार्थनगर
दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर।स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत गुरुवार को भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सिद्धार्थनगर की ओर से ग्राम देजौली में स्वच्छता, वित्तीय साक्षरता एवं साइबर फ्रॉड जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों को स्वच्छता के साथ वित्तीय लेनदेन में सावधानी बरतने के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अग्रणी जिला प्रबंधक रवि कुमार सिन्हा और त्ैम्ज्प् निदेशक सुनील गुप्ता ने लोगों से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए कम से कम एक घंटे का श्रमदान करें। साथ ही दो अक्टूबर को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया। शिविर में प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता की जानकारी देते हुए साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। लोगों को ओटीपी, पिन और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। अंत में उपस्थित ग्रामीणों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने स्वच्छता अपनाने तथा साइबर ठगी से सतर्क रहने का संकल्प लिया।
