आंधी-बारिश में विशाल पीपल का पेड़ गिरा, शिव मंदिर व दो दुकानें क्षतिग्रस्त

दैनिक बुद्ध का संदेश
बांसी/सिद्धार्थनगर। लगातार तीन दिनों से हो रही तेज बारिश और आंधी के बीच शनिवार सुबह करीब छह बजे एनएच-28 के किनारे बांसी के निराला नगर मोहल्ले में शिव मंदिर (माता की कुटी) के बगल स्थित सौ वर्ष से अधिक पुराना विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।पेड़ सीधे शिव मंदिर और उसके पास स्थित चाय व पान की दुकानों पर गिरा, जिससे मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया तथा दोनों दुकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा। पान दुकानदार भल्लर ने बताया कि पेड़ गिरने से दुकान में रखी पानी की बोतलें, ठंडा पेय, टॉफी, बिस्कुट सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया।घटना के समय सुबह का वक्त होने और लगातार बारिश के कारण मौके पर लोगों की मौजूदगी नहीं थी। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि घटना के समय वहां भीड़ होती तो जनहानि भी हो सकती थी।सूचना मिलने पर बांसी पुलिस और क्षेत्राधिकारी शुभेंदु सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया।
