आकांक्षी ब्लॉक खेसरहा के विकास कार्यों की परखी हकीकत, पैरामीटर सुधारने पर जोर

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग शीलधर यादव ने सोमवार को आकांक्षी ब्लॉक खेसरहा के विभिन्न विभागों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी खेसरहा पहुंचकर एक्स-रे कक्ष, प्रसव कक्ष और दवा वितरण कक्ष का जायजा लिया। दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली।इसके बाद विशेष सचिव ने स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित टीएचआर केंद्र का निरीक्षण किया। पीएमश्री विद्यालय भलुहा तथा बकैनिहा महुआ में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित पानी की टंकी और जलापूर्ति व्यवस्था को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।विशेष सचिव ने आकांक्षी ब्लॉक में नीति आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न पैरामीटरों की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय बनाकर बेहतर कार्य करें, ताकि खेसरहा ब्लॉक जल्द आकांक्षी ब्लॉक की श्रेणी से बाहर निकल सके। जिन विभागों के पैरामीटर अपेक्षाकृत कमजोर हैं, उन पर विशेष ध्यान देकर सुधार किया जाए।निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पांचमोहनी गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, पीएचसी मरवटिया, कॉमन फैसिलिटी सेंटर मदुआपुर तथा महुई नानकार स्थित पंचायत भवन और डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।इस दौरान बीडीओ विजय सिंह, बीईओ नीरज सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार गुप्ता, एडीओ पंचायत विकास चौधरी, आकांक्षी ब्लॉक शोधार्थी दुर्गेश कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

टिप्पणियां