उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत नवसाक्षरों की मूल्यांकन परीक्षा आयोजित

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर।भारत सरकार केउल्लासदृनवभारत साक्षरता कार्यक्रमके अंतर्गत जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों एवं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर नवसाक्षरों और असाक्षर व्यक्तियों के लिए मूलभूत साक्षरता एवं संख्याज्ञान मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की गई।परीक्षा का उद्देश्य कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा से जुड़ रहे वयस्क शिक्षार्थियों द्वारा अर्जित ज्ञान एवं कौशल का मूल्यांकन करना रहा। इस दौरान शिक्षार्थियों की पढ़ने, लिखने तथा दैनिक जीवन में उपयोगी मूलभूत गणना संबंधी दक्षताओं का आकलन किया गया।परीक्षा को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, स्वयंसेवी शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों ने परीक्षा के संचालन में सहयोग किया। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे शिक्षार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पढ़ने-लिखने एवं गणना का ज्ञान व्यक्ति को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, दैनिक लेन-देन करने तथा अपने अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति सजग बनाने में सहायक है।उल्लास कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे वयस्कों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो विभिन्न कारणों से औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके। जनपद में अधिक से अधिक असाक्षर व्यक्तियों को चिन्हित कर साक्षरता से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
