खेसरहाताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

कंपोजिट विद्यालय मटियरिया में कई दिनों से हैंडपंप खराब, पेयजल संकट से जूझ रहे छात्र-शिक्षक

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। विकासखंड खेसरहा की ग्राम पंचायत मटियरिया स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। विद्यालय परिसर में लगा इंडियामार्क हैंडपंप कई दिनों से खराब पड़ा है, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने आते हैं, लेकिन हैंडपंप बंद होने के कारण उन्हें या तो घर से पानी लाना पड़ता है या बाहर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।बरसात के मौसम में स्वच्छ पेयजल की कमी बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। दूषित पानी के सेवन से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, पेयजल संकट के कारण मध्याह्न भोजन व्यवस्था भी प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हैंडपंप कई दिनों से खराब है, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई।विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्रौपदी सिंह ने बताया कि हैंडपंप खराब होने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र मरम्मत की मांग की गई है, ताकि विद्यालय की व्यवस्था सामान्य हो सके।ग्राम प्रधान रोशन लाल ने भी बताया कि उन्हें हैंडपंप खराब होने की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग से संपर्क कर जल्द से जल्द हैंडपंप की मरम्मत कराई जाएगी, जिससे विद्यालय में पेयजल व्यवस्था बहाल हो सके।शिक्षाविदों और अभिभावकों का कहना है कि विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर हैंडपंप की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि छात्र-छात्राओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और शिक्षण कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *