ताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

ककरहवा बॉर्डर से 2 बोरी डीएपी खाद के साथ युवक गिरफ्तार

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
अलीगढ़वा, सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी अलीगढ़वा की टीम ने नेपाल ले जाई जा रही 2 बोरी डीएपी खाद के साथ एक व्यक्ति को पकड़ लिया। उसके कब्जे से खाद के अलावा एक साइकिल भी बरामद हुई। आवश्यक कार्रवाई के लिए आरोपित को बरामद सामान समेत कस्टम कार्यालय ककरहवा के सुपुर्द कर दिया गया। एसएसबी के अनुसार, 11 अगस्त को सूचना के आधार पर सीमा चौकी अलीगढ़वा की विशेष गश्ती टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 550 से करीब 50 मीटर दाईं ओर नो-मैन्स लैंड से लगभग 20 मीटर भारत की ओर छोटका ठकरापुर गांव के समीप रास्ते पर एक व्यक्ति साइकिल से सामान लेकर भारत से नेपाल की ओर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर गश्ती दल ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान साइकिल पर लदी डीएपी खाद की दो बोरियां बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 100 किलोग्राम बताया गया। पूछताछ में व्यक्ति की पहचान अरबाज अहमद पुत्र वकील अहमद, निवासी पोखर भिटवा, थाना कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। खाद के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर एसएसबी ने बरामद खाद व साइकिल को जब्त कर लिया।एसएसबी ने आवश्यक जब्ती ज्ञापन एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ आरोपित को अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा को सौंप दिया। अधिकारियों के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा, वन्यजीव और अन्य प्रतिबंधित सामानों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *