ताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

खेतान बालिका विद्यालय की तिरंगा यात्रा में झांकियों ने मोहा मन

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
शोहरतगढ़/ सिद्धार्थनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर स्थित सेठ राम कुमार खेतान बालिका इंटर कॉलेज में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा की मौजूदगी में विद्यालय परिसर से हजारों छात्र-छात्राओं ने भव्य एवं व्यवस्थित तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के उद्घोष के साथ विद्यार्थी पूरे उत्साह से यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में रानी लक्ष्मीबाई, महात्मा गांधी सहित विभिन्न महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन एवं योगदान पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इन झांकियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। यात्रा के दौरान पूरे नगर का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने का अवसर है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हजारों छात्र-छात्राओं को तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल होते देखकर गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर शिक्षा प्राप्त करने, अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने तथा देश की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। कहा कि युवा ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। प्रधानाचार्य श्रीमती अंजू मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता हमें लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद मिली है। इसलिए इसकी गरिमा और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति समर्पित रहते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित और सशक्त भारत के भविष्य के निर्माता हैं। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अंजू मिश्रा के अलावा अध्यापक सत्यप्रकाश शुक्ला, मेघश्याम गुप्ता, कल्पना श्रीवास्तव, चंदा अग्रहरि, रीना मद्धेशिया, पुष्पा गुप्ता, अपर्णा पांडेय, अजय कुमार गुप्ता, शशि मौर्या, निरुपमा चौरसिया सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे तो वहीं सुरक्षा व्यवस्था में हेका दिनेश कुमार, हेका अजय कुमार, हेका सतीश कुमार सिंह, हेका दयानंद कन्नौजिया, कांस्टेबल रामकरन निषाद आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *