खेसरहाताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

गैंगटा में एक साल से अधूरा पड़ा आंगनबाड़ी भवन, बच्चों और महिलाओं को नहीं मिल रहीं सुविधाएं

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। विकासखंड खेसरहा की ग्राम पंचायत गैंगटा में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का भवन लगभग एक वर्ष से अधूरा पड़ा है। भवन की दीवारें, छत और प्लास्टर का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन फर्श, दरवाजे-खिड़कियां और रंगाई-पुताई का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य ठप होने के कारण भवन का उपयोग शुरू नहीं हो पाया है, जिससे गांव के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आंगनबाड़ी सेवाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि भवन निर्माण शुरू होने पर आधुनिक और बेहतर सुविधाओं की उम्मीद जगी थी, लेकिन लंबे समय से कार्य बंद होने से उनकी उम्मीदें अधूरी रह गई हैं। ग्रामीण तनुज यादव ने बताया कि भवन का निर्माण काफी पहले शुरू हुआ था, लेकिन पिछले कई महीनों से कोई काम नहीं हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते निर्माण पूरा नहीं हुआ तो सरकारी धन का भी नुकसान हो सकता है।ग्रामीण अजय साहनी ने बताया कि गांव के लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया, लेकिन निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया गया। उन्होंने मांग की कि शेष कार्य जल्द पूरा कर भवन को उपयोग के लिए तैयार किया जाए।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि अधूरे पड़े आंगनबाड़ी भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि भवन तैयार होने से गांव के बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा, पोषण सेवाएं और गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *