झाड़ियों में खड़ा कूड़ा उठाने वाला ई-रिक्शा, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल

दैनिक बुद्ध का संदेश/पंकज चौबे
बढ़नी। विकासखंड बढ़नी अंतर्गत ग्राम पंचायत तौलिहवा में कूड़ा उठाने के लिए लगाया गया ई-रिक्शा झाड़ियों और घास-फूस के बीच उपेक्षित अवस्था में खड़ा दिखाई दे रहा है। सामने आई तस्वीर में वाहन के आसपास गंदगी भी नजर आ रही है, जिससे पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था और ई-रिक्शा के नियमित संचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि गांव से कूड़ा एकत्र करने के उद्देश्य से उपलब्ध कराया गया ई-रिक्शा यदि नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहा है तो स्वच्छता अभियान का उद्देश्य प्रभावित हो सकता है। लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि वाहन के रखरखाव और मरम्मत की व्यवस्था किस प्रकार की जा रही है तथा पंचायत में फिलहाल कूड़ा उठाने का कार्य कैसे संचालित हो रहा है।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से ई-रिक्शा की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर उसके संचालन, रखरखाव और कूड़ा उठाने की व्यवस्था की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। साथ ही वाहन को उपयोग में लाकर गांव की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की भी मांग की गई है।
