तेज हवा-बारिश से बिजली ढांचा ध्वस्त, 50 से अधिक गांवों में आपूर्ति ठप
दैनिक बुद्ध का संदेश
कर्सर———-बिजली कर्मियों की कड़ी मेहनत से बढ़नी नगर की आपूर्ति बहाल, ग्रामीण क्षेत्रों में अभी अंधेरा
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर।तेज हवा और मूसलाधार बारिश से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है। शुक्रवार से 50 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है। जगह-जगह विद्युत पोल टूटने और तारों पर पेड़ों की डालियां गिरने से ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली न होने से कई उपभोक्ताओं के इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं। रात में ग्रामीणों को जहरीले कीड़े-मकौड़ों का भय बना हुआ है और उन्हें मोमबत्ती के सहारे रात गुजारनी पड़ रही है।परसिया विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करहिया, सियांव, दत्तपुर रमवापुर, छतहरा, महादेवा नानकार, पल्टादेवी, बगहवा, करौती और नियांव समेत दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति अभी प्रभावित है। एसडीओ विनोद कुमार यादव ने बताया कि तेज हवा के कारण करीब 100 विद्युत पोल टूट गए हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। विभागीय कर्मचारी लगातार मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।बढ़नी नगर की आपूर्ति बहाल- उधर, बढ़नी नगर की बिजली आपूर्ति रविवार को बहाल कर दी गई। ढेबरुआ-इटवा मार्ग पर कई 33 केवी विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई थी। जेई लालू प्रसाद ने बताया कि ढेबरुआ फीडर की सप्लाई क्लियर करने के बाद बढ़नी नगर की विद्युत आपूर्ति जोड़ दी गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य तेजी से चल रहा है। विभाग का लक्ष्य सोमवार तक प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल करने का है।
