नौगढ़ तहसील की बाउंड्री वॉल में पक्की सड़क की सीध में गेट लगाने की मांग
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। नौगढ़ तहसील की निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल में पक्की सड़क की सीध में गेट लगाए जाने की मांग उठी है। इस संबंध में अधिवक्ता जय शंकर प्रसाद मिश्रा ने उपजिलाधिकारी नौगढ़ एवं तहसीलदार नौगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर जनहित में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि थाना खजुरिया रोड की ओर नौगढ़ तहसील की बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है। तहसील भवन से उक्त बाउंड्री वॉल की ओर पहले से पक्की सड़क आ रही है। ऐसे में सड़क की सीध में बाउंड्री वॉल पर गेट लगाए जाने से तहसील परिसर में आवागमन सुगम हो सकेगा। अधिवक्ता ने कहा कि गेट लग जाने से राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, अधिवक्ताओं तथा तहसील आने वाले आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी। लोगों को तहसील परिसर में आने-जाने के लिए अनावश्यक रूप से घूमकर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य के दौरान ही उक्त स्थान पर गेट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो और तहसील परिसर तक लोगों का आवागमन सुगम बना रहे।
