प्रधान से नहीं बनी बात, तो ग्रामीणों ने खुद संभाली सड़क की कमान
दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। कुर्थिया चौराहा से कुर्थिया और कठमोरवा गांव को जोड़ने वाली सड़क की हालत खराब होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही थी। सड़क पर गंदा पानी जमा होने और कीचड़ के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया था। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को खुद श्रमदान कर सड़क की सफाई और मरम्मत की।ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। घरों और नलों का पानी सड़क पर बहता है, जिससे कीचड़ जमा हो जाता है। इससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। सड़क पर फिसलन के कारण लोगों के गिरने का खतरा भी बना रहता है।ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही सड़क को ठीक करने का फैसला किया।रविवार को विनोद चौधरी, संदीप यादव, शिवसागर यादव, रमेश यादव, रामकेश यादव, सोहित यादव और सत्यम यादव समेत कई ग्रामीणों ने मिलकर काम किया। लोगों ने फावड़े और तसलों की मदद से सड़क पर जमा कीचड़ हटाया। साथ ही धंसे खड़ंजे को ठीक किया और गड्ढों में ईंट व मलबा डालकर रास्ते को चलने लायक बनाने का प्रयास किया।शिवसागर यादव ने बताया कि सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से लोगों को काफी दिक्कत होती है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई, इसलिए ग्रामीणों ने खुद पहल की। विनोद चौधरी ने कहा कि यह सड़क दोनों गांवों को जोड़ने का प्रमुख रास्ता है और इसकी मरम्मत जरूरी है।संदीप यादव ने बताया कि नाली नहीं होने के कारण घरों का पानी सड़क पर बहता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली बनाना जरूरी है। वहीं, रमेश यादव ने सड़क की खराब हालत पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ग्रामीणों को खुद मेहनत करके रास्ता ठीक करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के श्रमदान से सड़क पर कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन नाली नहीं बनने पर दोबारा जलजमाव और कीचड़ की समस्या हो सकती है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने तथा पानी की निकासी के लिए नाली बनवाने की मांग की है, ताकि लोगों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी न हो।

टिप्पणियां