ताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

बांसी में सीएम योगी ने दी 311 करोड़ की सौगात, 107 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बांसी स्थित रतन सेन इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा बांसी और डुमरियागंज की 311 करोड़ रुपये की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए और विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का रतन सेन इंटर कॉलेज की प्रबंधक रानी वसुंधरा कुमारी ने मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया। सांसद जगदंबिका पाल एवं पूजा पाल ने भी मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विकास पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिद्धार्थनगर का नाम गौतम बुद्ध के बचपन के नाम सिद्धार्थ पर पड़ा है। करीब 2500 वर्ष पहले यह धरती अपने वैभव के लिए विश्व में प्रसिद्ध थी। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक यह क्षेत्र विकास में पीछे रहा और आकांक्षी जनपद बनकर रह गया, लेकिन अब सिद्धार्थनगर विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा चयनित 112 आकांक्षी जिलों में सिद्धार्थनगर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 25 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त की है। यह उपलब्धि बताती है कि जनपद विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।मुख्यमंत्री ने 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। काकोरी की घटना स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखती है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश में व्यापक बदलाव आया है। भारत अब दुनिया के सामने आत्मविश्वास के साथ खड़ा है। देश निवेश के लिए बेहतर गंतव्य बन रहा है और युवाओं के लिए स्टार्टअप के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उत्तर प्रदेश भी तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर में माधव प्रसाद त्रिपाठी के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार है, जिससे जिले के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थनगर की पहचान काला नमक चावल से जोड़ते हुए कहा कि बुद्ध की धरती का यह विशेष चावल देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। इसे एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) में शामिल किया गया है। इसकी ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर काम किया जा रहा है। कपिलवस्तु में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) की स्वीकृति भी दी गई है।उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर किसानों और उद्यमियों की आय बढ़ाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इन केंद्रों पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर, बैंक पीओ समेत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे।उन्होंने कहा कि आईटीआई संस्थानों में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले वर्षों में लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया है।मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर कहा कि प्रदेश में अब दंगा और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। बेटियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।उन्होंने गरीब परिवारों के लिए मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की बढ़ती संख्या का जिक्र करते हुए कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार किया जा रहा है।बांसी विधायक जय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि बांसी स्वर्गीय माधव प्रसाद त्रिपाठी की जन्मस्थली है। रतन सेन इंटर कॉलेज ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान है, जिसकी नींव पूर्वजों द्वारा वर्ष 1915 में रखी गई थी। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद विद्यालय परिसर में इतने बड़े कार्यक्रम का आयोजन हुआ और मुख्यमंत्री को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल, विधायक जय प्रताप सिंह, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी व सुभाष यदुवंश, जिला पंचायत प्रशासक शीतल सिंह, पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, रतन सेन इंटर कॉलेज की प्रबंधक रानी वसुंधरा कुमारी, मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, डीआईजी संजीव त्यागी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। सांसद जगदंबिका पाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि सिद्धार्थनगर गौतम बुद्ध की धरती है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह आकांक्षी जनपद से अग्रणी जनपद बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि काला नमक चावल जिले की पहचान है और इसे ओडीओपी में शामिल किए जाने से किसानों को नई संभावनाएं मिली हैं।उन्होंने बताया कि जिले में करीब 18 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में काला नमक चावल की खेती हो रही है और लगभग 40 हजार किसान इससे जुड़े हैं। सांसद ने नई रेल लाइन के निर्माण की प्रगति का भी उल्लेख किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *