बुजुर्गों के बीच पहुंची खेसरहा पुलिस, सुनी समस्याएं; आपात स्थिति में तत्काल संपर्क की दी जानकारी
दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के तहत सोमवार को थाना खेसरहा की कम्युनिटी पुलिस टीम ने क्षेत्र में जनसंवाद और गोष्ठी आयोजित कर दिव्यांगजनों व वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित किया। पुलिस टीम ने 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के बीच बैठकर उनकी कुशलक्षेम जानी और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। गोष्ठी के दौरान पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग नागरिकों से पेंशन, सुरक्षा और अन्य किसी परेशानी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है और फिलहाल किसी अन्य समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है। पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या, परेशानी या आपात स्थिति में वे तत्काल पुलिस से संपर्क करें। कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (ब्च्न्) की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को अपना संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस तक आसानी से सूचना पहुंचाई जा सके। पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच संवाद को मजबूत करना तथा जरूरतमंद एवं बुजुर्ग नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बांसी सुबेन्दु सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थानाध्यक्ष अनुप कुमार मिश्र के नेतृत्व में थाना खेसरहा की कम्युनिटी पुलिस टीम ने अभियान को आगे बढ़ाया। पुलिस के इस जनसंवाद से वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा। टीम ने स्पष्ट किया कि पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय तत्पर है।
