बूचड़मंडी के पास जानवरों के अवशेष फेंकने से नाराज लोगों ने किया सड़क जाम
दैनिक सत्ता मंत्र
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत के शिवनगर वार्ड स्थित बूचड़मंडी के आसपास जानवरों के अवशेष फेंके जाने और फैली गंदगी से नाराज स्थानीय लोगों ने सोमवार की शाम सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, अधिशासी अधिकारी (ईओ) शिव कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त करा दिया गया। स्थानीय निवासी मनीष कुमार वर्मा, निखिल वर्मा और सूरज ने बताया कि बूचड़मंडी के कुछ दुकानदार जानवरों का वध करने के बाद मांस के अवशेष सड़क पर ही फेंक देते हैं। इससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर लोगों ने सड़क जाम किया। मनीष वर्मा ने यह भी बताया कि बूचड़मंडी के पीछे एक धार्मिक स्थल स्थित है, जहां विवाह जैसे मांगलिक अवसरों पर महिलाएं मिट्टी पूजन के लिए आती हैं। ऐसे में आसपास फैली गंदगी और दुर्गंध से श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव ने ईओ को निर्देश दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं ईओ शिव कुमार ने कहा कि जो भी दुकानदार सड़क या सार्वजनिक स्थान पर जानवरों का वध अथवा मांस की बिक्री करते हुए पाया जाएगा, उसके विरुद्ध जुर्माना लगाने के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि दो दिन बाद पवित्र सावन माह शुरू हो रहा है। ऐसे में कोई भी अंडा, मांस या मछली विक्रेता यदि सड़क या गली में खुलेआम बिक्री करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
