सिद्धार्थनगर

मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण से स्वरोजगार की राह होगी आसान

Spread the love


दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर।भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), सिद्धार्थनगर में मशरूम कल्टीवेशन (मशरूम उत्पादन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को मशरूम उत्पादन की तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी देकर उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार करना है।कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक सुनील गुप्ता, सीएफएल संतोष शुक्ला और पवन कुमार प्रजापति मौजूद रहे। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन में उपयोग होने वाली सामग्री, उपयुक्त वातावरण, मशरूम बेड तैयार करने, स्पॉन (बीज) डालने, तापमान और नमी के प्रबंधन के साथ रखरखाव, रोग एवं कीट नियंत्रण, तुड़ाई और विपणन की जानकारी दी जा रही है। प्रतिभागियों को उत्पादन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।संस्थान के निदेशक सुनील गुप्ता ने कहा कि मशरूम उत्पादन कम लागत में शुरू किए जा सकने वाले स्वरोजगार के विकल्पों में शामिल है। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी अपने गांव और आसपास के क्षेत्र में मशरूम उत्पादन का व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। सीएफएल संतोष शुक्ला और पवन कुमार प्रजापति ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार के प्रति प्रोत्साहित करते हुए प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक जानकारी के माध्यम से प्रतिभागी मशरूम उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को समझकर भविष्य में अपना व्यवसाय स्थापित कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *