महमुदवा ग्रांट व मड़वा में आयोजित हुआ ग्राम चौपाल
दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़। सिद्धार्थनगर।गांव की समस्याओं का गांव में ही समाधान करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकासखंड शोहरतगढ़ की ग्राम पंचायत महमुदवा ग्रांट और मड़वा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। पंचायत भवन पर आयोजित चौपाल में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण का भरोसा दिया। महमुदवा ग्रांट में चौपाल की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सचिव कुंवर कन्नौजिया ने की, जबकि मड़वा में सचिव गौरव श्रीवास्तव ने चौपाल की अध्यक्षता की। इस दौरान ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, व्यक्तिगत शौचालय, पीएम किसान सहित ब्लॉक स्तर से संचालित योजनाओं के बारे में बताया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी। साथ ही गांव में साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। महमुदवा ग्रांट में ग्राम प्रधान सेराज अहमद, पंचायत सहायक दीपेंद्र प्रताप सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे वहीं मड़वा में रोजगार सेवक विजय दुबे समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
