महुलानी के स्वास्थ्य मेले में पहुंचे अधीक्षक, मरीजों से लिया हाल,व्यवस्थाओं की परखी हकीकत
दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले की हकीकत जानने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा के अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार गुप्ता ने महुलानी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे अधीक्षक को देखकर स्वास्थ्यकर्मियों में हलचल रही, वहीं उन्होंने सीधे मरीजों के बीच पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।अधीक्षक ने स्वास्थ्य मेले में पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उनकी जांच, उपचार और दवा मिलने के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने चिकित्सकीय जांच, दवा वितरण और केंद्र की अन्य व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान किसी बड़ी कमी की बात सामने नहीं आई और व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।डॉ. संतोष कुमार गुप्ता ने स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य मेले का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि दूर-दराज से आने वाले प्रत्येक मरीज को मौके पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य मेले लोगों के लिए नजदीक और आसानी से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।न्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के साथ सहज और संवेदनशील व्यवहार करने तथा जांच के बाद आवश्यक चिकित्सकीय सलाह और दवाएं उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान बीपीएम अमरनाथ गुप्ता और बीएएम ध्रुव चंद्र भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वास्थ्य मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
