शादी का झांसा देकर 13 वर्षीय किशोरी को भगाने का आरोप, दो के खिलाफ मुकदमा
दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। सिद्धार्थनगर के खेसरहा थाना क्षेत्र के कठमोरवा गांव से 13 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने दो लोगों पर किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इजरा और इरफा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार किशोरी 16 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे अपने घर से लापता हो गई। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी किशोरी का पता नहीं चल सका। परिजनों का आरोप है कि मोहम्मद इजरा किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ समय पहले मुंबई से गांव आया था। किशोरी की तलाश करते हुए परिजन जब आरोपी के घर पहुंचे तो वहां उसका भाई इरफा मिला। आरोप है कि किशोरी के बारे में पूछताछ करने पर इरफा ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने, धमकी देने, गाली-गलौज तथा जातिसूचक अपमान से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी आरोप दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेन्दु सिंह को सौंपी गई है। पुलिस टीम किशोरी की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े सभी आरोपों की गहनता से जांच कर रही है। किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और किशोरी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग के लापता होने से परिजनों में चिंता का माहौल है।
