खेसरहाताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

साइबर ठगी के ₹24 हजार पीड़ित के खाते में लौटाए, खेसरहा पुलिस की साइबर टीम ने दिलाई राहत

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। खेसरहा थाना पुलिस की साइबर टीम ने साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से ठगी गई रकम में से ₹24 हजार वापस कराने में सफलता हासिल की है। बैंक और साइबर सेल के समन्वय से यह धनराशि 24 अगस्त 2026 को शिकायतकर्ता के खाते में वापस कराई गई। जानकारी के अनुसार, खेसरहा थाना क्षेत्र के लमुईताल निवासी रामप्रसाद ने 18 अक्टूबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि यूपीआई के जरिए उनके साथ ₹4,21,024 की साइबर ठगी हुई है। मामले में थाना खेसरहा पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खेसरहा की साइबर टीम ने मामले में बैंक के संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। प्रयास के बाद ठगी की रकम में से ₹24,000 की धनराशि को होल्ड/रिकवर कराकर पीड़ित के खाते में वापस कराया गया। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर यूपीआई पिन, ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी अथवा बैंक संबंधी गोपनीय विवरण साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराने की कार्रवाई की जा सके। सराहनीय कार्य करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र, साइबर सेल प्रभारी राघवेंद्र प्रताप यादव, कांस्टेबल अभिषेक मौर्य, रिजर्व कांस्टेबल नीरज कुमार तथा महिला कांस्टेबल रम्भा यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *