176 कार्डधारकों के बयान और भौतिक सत्यापन के बाद कार्रवाई तय

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत शोहरगढ़ के वार्ड संख्या-04 दशरथ नगर (गड़ाकुल) स्थित उचित दर विक्रेता रोजी परवीन की दुकान में जांच के दौरान मिली अनियमितताओं के बाद पूर्ति विभाग ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। स्टॉक में भारी कमी मिलने के साथ ही 176 कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। वहीं, कार्डधारकों को राशन उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा रही है।बुधवार को पूर्ति निरीक्षक/क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सतीश चंद्र के नेतृत्व में टीम ने गड़ाकुल पंचायत भवन पहुंचकर उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए। इसके बाद दुकान के अभिलेख, ई-पास मशीन के रिकॉर्ड और उपलब्ध खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में अंत्योदय के 49 और पात्र गृहस्थी के 127, कुल 176 कार्डधारकों के बयान लिए गए। निरीक्षण टिप्पणी के अनुसार अगस्त और सितंबर के वितरण के बाद दुकान में 29.702 क्विंटल गेहूं तथा 44.148 क्विंटल चावल होना चाहिए था। मौके पर महज एक-एक क्विंटल गेहूं और चावल मिला। इस तरह गेहूं में 28.702 क्विंटल और चावल में 43.148 क्विंटल की कमी सामने आई। चीनी की उपलब्धता भी निर्धारित मात्रा के अनुरूप नहीं मिली। बताते चलें कि तीन अक्टूबर को संपूर्ण समाधान दिवस में गड़ाकुल की उचित दर दुकान को लेकर शिकायत मिली थी। उपभोक्ताओं ने सितंबर का राशन नहीं मिलने का आरोप लगाया था। इसके बाद विभाग ने खाद्यान्न उठान, स्टॉक रजिस्टर, ई-पास मशीन के रिकॉर्ड और वितरण व्यवस्था की पड़ताल शुरू की। इसी बीच खाद्यान्न से संबंधित एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था।पूर्ति निरीक्षक/क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सतीश चंद्र ने बताया कि जांच के दौरान 176 कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। सामने आई अनियमितताओं के आधार पर संबंधित उचित दर विक्रेता का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।कार्डधारकों को राशन लेने में परेशानी न हो, इसके लिए उन्हें वार्ड संख्या-02 अटल नगर (छतहरा) स्थित उचित दर विक्रेता कमलेश कुमार गुप्ता की दुकान से संबद्ध किया जा रहा है। अब संबंधित उपभोक्ता वहीं से अपना निर्धारित खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।

टिप्पणियां