176 राशन कार्डधारकों के बयान, स्टॉक सत्यापन में गेहूं-चावल की कमी

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के गड़ाकुल स्थित उचित दर दुकान पर खाद्यान्न वितरण को लेकर उठे विवाद की विभागीय जांच तेज हो गई है। पूर्ति निरीक्षक/क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सतीश चंद्र के नेतृत्व में पंचायत भवन में उपभोक्ताओं के बयान दर्ज करने के साथ दुकान के अभिलेखों और स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया।जांच में अब तक अंत्योदय के 49 और पात्र गृहस्थी के 127, कुल 176 राशन कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए हैं। निरीक्षण टिप्पणी के अनुसार 7 अक्टूबर को हुए भौतिक सत्यापन में दुकान पर एक क्विंटल गेहूं और एक क्विंटल चावल ही मिला। जबकि अगस्त और सितंबर के वितरण के बाद 29.702 क्विंटल गेहूं और 44.148 क्विंटल चावल उपलब्ध होना चाहिए था। इस आधार पर 28.702 क्विंटल गेहूं और 43.148 क्विंटल चावल की कमी दर्ज की गई है। चीनी की उपलब्धता भी अपेक्षित मात्रा के अनुरूप नहीं मिली।मामला 3 अक्टूबर को संपूर्ण समाधान दिवस में की गई शिकायत के बाद सामने आया। उपभोक्ताओं ने सितंबर का राशन नहीं मिलने का आरोप लगाया था। इसके बाद कथित तौर पर निजी वाहन से खाद्यान्न उतारे जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। विभाग ई-पास मशीन के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, खाद्यान्न उठान, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं के बयानों की जांच कर रहा है।पूर्ति निरीक्षक सतीश चंद्र ने बताया कि जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियां