24 घंटे के भीतर खेसरहा पुलिस ने किया चोरी का खुलासा
दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। खेसरहा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब ₹1.80 लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा जेवर बेचने से प्राप्त ₹26,200 नकद बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बांसी शुभेन्दु सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, एचनी गांव निवासी शैलकुमारी पत्नी गंगासागर ने 20 जुलाई को थाना खेसरहा में तहरीर देकर बताया था कि 16 जुलाई को उनके घर एल्यूमिनियम के दरवाजे और खिड़कियां लगाने का कार्य चल रहा था। इस दौरान काम कर रहे परमात्मा शर्मा ने घर के सभी सदस्यों के बरखी कार्यक्रम में जाने का फायदा उठाकर बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। 18 जुलाई को चोरी की जानकारी मिलने के बाद काफी तलाश की गई, लेकिन जेवर नहीं मिले। इसके बाद 20 जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया गया। मुकदमा दर्ज होते ही खेसरहा पुलिस ने जांच शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी परमात्मा शर्मा पुत्र स्व. दलसिंगार शर्मा, निवासी मलौली, थाना बांसी को बांसी-धानी मार्ग से बंजरहा जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक मंगलसूत्र, माथा टीका, कान का झाला, एक जोड़ी चांदी की पाजेब सहित करीब ₹1.80 लाख मूल्य के जेवर तथा जेवर बेचने से प्राप्त ₹26,200 नकद बरामद किए। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी सकारपार उपनिरीक्षक कुंज बिहारी तिवारी, कांस्टेबल अवनीश राय, कांस्टेबल अखिलेश कुमार तथा कांस्टेबल कमलेश सिंह शामिल रहे।
