24 घंटे में खेसरहा पुलिस ने खोज निकाला दुष्कर्म का आरोपी, गिरफ्तार कर भेजा न्यायालय
दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में खेसरहा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सक्रियता से आरोपी को पंचमोहनी इंटर कॉलेज सड़क के तिराहे के पास से दबोच लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को थाना खेसरहा में दर्ज मुकदमा संख्या 114/2026 में आरोपी वांछित था। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेन्दु सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मोहम्मद इजरान पुत्र अलीजान निवासी कुनौना, थाना खेसरहा को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह यादव, चौकी प्रभारी कुर्थिया, उपनिरीक्षक मुन्नीलाल और आरक्षी देवानन्द शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय रवाना कर दिया है। पुलिस की 24 घंटे के भीतर हुई इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की चर्चा रही।
