261.49 करोड़ से नॉर्थ,साउथ कॉरिडोर को मिली गति, बर्डपुर,पिपरहवा मार्ग होगा फोरलेन-सांसद जगदंबिका पाल
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। जिले के विकास और भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नॉर्थदृसाउथ कॉरिडोर के अंतर्गत बर्डपुर,पिपरहवा मार्ग का फोरलेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। 9.4 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 261.49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना का उद्देश्य जिले में बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देना है।यह जानकारी सांसद जगदंबिका पाल ने प्रेसवार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेज गति से आगे बढ़ रही है। भूमि अधिग्रहण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिसके लिए 87 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश, अभिलेखों का सत्यापन, प्रभावित भवनों का मूल्यांकन तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रही है।सांसद ने कहा कि फोरलेन सड़क बनने के बाद विश्व प्रसिद्ध कपिलवस्तु स्तूप, कपिलवस्तु विश्वविद्यालय और भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र तक आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि यह मार्ग बौद्ध पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। फोरलेन बनने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को कपिलवस्तु स्तूप और अन्य ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी, परिवहन लागत कम होगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार सीमावर्ती एवं पिछड़े क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, ताकि जिले का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, आशीष शुक्ला, राजेंद्र पांडेय, सच्चिदानंद शुक्ला, रमेश मणि त्रिपाठी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
