युवतियों के सशक्तीकरण पर अभाविप का सम्मेलन, मिशन साहसी के तहत आत्मरक्षा का संदेश

दैनिक बुद्ध कां संदेश
सिद्धार्थनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की ओर से मंगलवार को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के सभागार में युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और समाज निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई। इस दौरान मिशन साहसी के तहत आत्मरक्षा का प्रदर्शन कर युवतियों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संपदा द्विवेदी, मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सेविका समिति की विभाग कार्यवाहिका उमा सिंह, मेडिसिन चिकित्सक डॉ. तनुषा टीआर, नौगढ़ नगर उपाध्यक्ष डॉ. आकांक्षी मिश्रा और कवयित्री सलोनी उपाध्याय प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।सम्मेलन को संबोधित करते हुए उमा सिंह ने कहा कि युवतियों के लिए शिक्षा और आत्मनिर्भरता के साथ नेतृत्व क्षमता का विकास भी जरूरी है। उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। व्यक्तिगत सफलता से बढ़कर समाज के प्रति जिम्मेदारी का निर्वहन करना महत्वपूर्ण है।डॉ. तनुषा टीआर ने कहा कि युवतियों को शिक्षा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। प्रत्येक युवती में असीम संभावनाएं हैं। निरंतर परिश्रम और अनुशासन से वे अपने सपनों को साकार कर परिवार और समाज के विकास में योगदान दे सकती हैं।संपदा द्विवेदी ने कहा कि युवतियां समाज के वर्तमान और भविष्य को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं। शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से वे अपने अधिकारों एवं दायित्वों को समझकर सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। वहीं, कवयित्री सलोनी उपाध्याय ने कहा कि युवती के शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनने से पूरे परिवार और समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने मिशन साहसी के तहत आत्मरक्षा प्रशिक्षण को युवतियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।नगर उपाध्यक्ष डॉ. आकांक्षी मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा जरूरतमंदों की सहायता और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास करती रही है। सम्मेलन में युवतियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर सिद्धार्थनगर विभाग संगठन मंत्री अंकित मिश्रा, जिला संयोजक यशराज शर्मा, नगर मंत्री पंकज यादव, सुमित वर्मा, अमरनाथ जायसवाल, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य शाश्वत भट्ट और शुभ्रा सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

टिप्पणियां